आज मूर्ति स्थापना के साथ होगा चित्रगुप्त प्रकटोत्सव का आगाज
छतरपुर। श्री चित्रगुप्त मंदिर ट्रस्ट एवं कायस्थ हितकारणी सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे चित्रगुप्त प्रकटोत्सव समारोह का आज शुक्रवार की शाम चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में मूर्ति स्थापना के साथ भव्य आगाज होगा। आयोजकों ने इस भव्य और विशाल महोत्सव के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
आयोजन समिति के प्रचार प्रसार प्रमुख प्रतीक खरे ने पे्रस को दी गई जानकारी में बताया कि शुक्रवार की शाम 2 मई को नगर के सुप्रसिद्ध मूर्तिकार दिनेश शर्मा द्वारा तैयार की गई भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा को गाजे-बाजे के साथ संकट मोचन से चित्रगुप्त मंदिर लाया जाएगा जहां उनकी स्थापना की जाएगी। इसी दिन दोपहर के वक्त बच्चों की प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। कायस्थ समाज के 150 से भी अधिक प्रतिभाशाली बच्चे इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे और अपनी-अपनी हुनर का प्रदर्शन करेंगे। श्री खरे ने बताया कि चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में खेल-कूद प्रतियोगिताओं के प्रभारी और सहप्रभारी प्राची खरे, स्मिता खरे, मधु खरे, आकांक्षा निगम, पद्मा खरे, शुभा खरे, जय खरे, श्रेय सिन्हा, एडव्होकेट विनीत खरे सहित तमाम आयोजकों की देख-रेख में यह प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी। गुरूवार को श्री चित्रगुप्त मंदिर में कायस्थ समाज के प्रमुख सदस्यों ने मीटिंग कर समूचे कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. राजेश खरे एवं पूर्व अध्यक्ष सुरेश बाबू खरे के मार्गदर्शन में आयोजित हुई इस बैठक में प्रतीक खरे, अवीनेन्द्र खरे, शंकरशरण खरे, नितिन खरे, सचिन खरे, पंकज खरे, श्रेय सिन्हा, स्मिता खरे, प्राची खरे, पद्मा खरे सहित तमाम लोगों ने बैठक में हिस्सा लिया और कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया। 3 मई को शाम 7 बजे से श्री चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्र्रम के साथ ही बुर्जुगों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। 4 मई को विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी जो नगर भ्रमण कर वापिस चित्रगुप्त मंदिर पहुंचकर समाजभोज में तब्दील हो जाएगी।
