उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं से बढ़ी सिरहन
भोपाल। मध्य प्रदेश में उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं ने प्रदेश सहित राजधानी भोपाल में भी ठंड बढ़ा दी है। शनिवार की रात न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री के साथ सीजन की सबसे ठंडी रात रही है। वहीं हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज हुआ।
उत्तर भारत की ओर से आ रही सर्द हवाओं ने पूरे प्रदेश में जबरदस्त सिहरन बढ़ा दी है। रविवार को प्रदेश के शहरों में रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई। वहीं इसी क्रम में सबसे कम 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान छिंदवाड़ा में दर्ज हुआ।
हिल स्टेशन पचमढ़ी का पारा 7.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके साथ ही प्रदेश के 26 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो इस सीजन में सबसे कम है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में कोई भी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। हवाओं का रुख उत्तरी हो जाने से रात के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। इससे ठंड बढ़ गई है। वहीं एक-दो दिन में सिहरन और बढ़ने के भी आसार जटाए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी ने बताया कि मिचौंग तूफान खत्म हो चुका है। पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना पश्चिमी विक्षोभ भी आगे बढ़ गया है। जिससे वातावरण से नमी कम होने से बादल छंट गए हैं।
