करेंट की चपेट में आये युवक की पुलिस ने बचाई जान, तुरंत पहुंचाया अस्पताल
छतरपुर /आज थाना प्रभारी ईशानगर उप निरीक्षक मनोज गोयल शासकीय कार्य से अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय बिजावर जा रहे थे। मातगुवां एवं बिजावर के मध्य मार्ग में एक मंदिर के पास से गुजरते समय उन्होंने देखा कि विद्युत संबंधी कार्य कर रहे एक व्यक्ति को करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी द्वारा तत्काल मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया तथा बिना समय गंवाए अपने निजी वाहन से तत्काल बिजावर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायल का आवश्यक उपचार किया गया।
घायल व्यक्ति ग्राम बरा का पुरवा निवासी है, जिसकी उपचार उपरांत वर्तमान में स्थिति सामान्य है।
पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही पर घायल व्यक्ति के परिजनों एवं वहां पर उपस्थित लोगों द्वारा सराहना कर आभार व्यक्त किया गया।
