ढोडन बांध विवाद गरमाया, जीतू पटवारी समेत दर्जनों कांग्रेसियों पर FIR दर्ज
छतरपुर/ ढोडन बांध में विस्थापित आदिवासी किसानों के मुद्दे ने तूल पकड़ लिया है। मुआवजे की लड़ाई लड़ रहे किसान नेता अमित भटनागर की रिहाई के बाद पुलिस ने उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इसी मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं पर वन विभाग ने FIR दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बमीठा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी देवेंद्र अहिरवार ने बताया कि मौके पर बैरिकेडिंग लगाई गई थी। आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड के बगल से निकल गए और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। इसी आधार पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 27 और शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
मौके पर पहुंचे जीतू पटवारी ने कहा कि वे आदिवासी किसानों को उनका हक दिलाने आए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी किसानों से मिलने छतरपुर आएंगे। किसानों ने पटवारी से मांग की कि नेता अमित भटनागर को जेल से रिहा कराया जाए। इस पर पटवारी ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस किसानों की हक की लड़ाई में पूरी तरह साथ है। उन्होंने कहा कि चाहे एक नहीं कई FIR दर्ज हो जाएं, हम डरने वाले नहीं हैं।
पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा का जो कार्यालय बन रहा है वह जनता के ही पैसों से बन रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
ढोडन बांध में विस्थापन और मुआवजे को लेकर आदिवासी किसानों का आंदोलन पहले से चल रहा है। अब कांग्रेस के सीधे मोर्चा संभालने से मामला राजनीतिक रूप से और गरमा गया है।
