उप्र के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक पहुंचे बागेश्वर धाम बालाजी के दर्शन कर लिया बागेश्वर महाराज का आशीर्वाद आध्यात्मिक और सनातन संस्कृति पर की चर्चा, कहा जल्द होगी महाराज श्री की कथा
छतरपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक शनिवार को दुनिया भर में आस्था का केंद्र बने प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने सपत्नीक बालाजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया। बागेश्वर महाराज से मुलाकात कर उन्होंने आध्यात्मिक विषयों और सनातन संस्कृति को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही महाराज श्री की कथा का आयोजन होगा।
पहली बार बागेश्वर धाम पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने महाराज श्री को अंग वस्त्र भेंट किया तो वहीं बागेश्वर महाराज ने उन्हें भगवान बालाजी का चित्र एवं एक आध्यात्मिक पुस्तक भेंट की। बागेश्वर धाम जन सेवा समिति की ओर से उपमुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। श्री पाठक ने बागेश्वर धाम के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यह जन आस्था का केंद्र बन चुका है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बालाजी से प्रार्थना करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश और देश पर बालाजी की कृपा बनी रहे और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि आए। इस मौके पर बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
