दो से अधिक संतानो का जिन्न फिर करेगा परेशान
छतरपुर / जिन कर्मचारियों की 2001 के बाद नौकरी लगी है और उनकी दो से अधिक जीवित संतानें हैं, तो यह खबर उनकी नौकरी पर मुसीबत लाने वाली है। पिछले एक साल से यह मामला बोतल में बंद था, लेकिन अभी हाल ही में भोपाल संभाग के शिक्षा आयुक्त ने एक आदेश जारी कर इस मामले को पूरी तरह से गरमा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देशानुसार यदि किसी कर्मचारी की 2001 के बाद नौकरी लगी है और उसकी तीन से अधिक संतानें हैं, तो इस कारण से उस कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त करने का प्रावधान था। इस आदेश की जद में कई कर्मचारी आते हैं। कुछ दिनों पहले शासन ने ऐसे कर्मचारियों को मामूली राहत दे दी थी, लेकिन अब सरकार ने भोपाल संभाग क्षेत्र में आने वाले सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से एक पत्र जारी कर उन कर्मचारियों की सूची मांगी है, जिनकी दो से अधिक जीवित संतानें हैं। इस आदेश के जारी होते ही उन कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है, जिनकी दो से अधिक जीवित संतानें हैं।
