डा. एम पी एन क़ो दिखाने के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी उजागर
छतरपुर/ जिले के प्रतिष्ठित शल्य चिकित्सक डॉ. एम.पी.एन. खरे के नाम पर मरीजों से ऑनलाइन नंबर बुकिंग के नाम पर अवैध रूप से धन वसूली किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गूगल सर्च इंजन पर डॉ. एम.पी.एन. खरे को दिखाने हेतु एक ऑनलाइन बुकिंग विकल्प प्रदर्शित हो रहा है, जिसमें दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर कॉल रिसीव करने वाला व्यक्ति यह बताता है कि डॉक्टर के सभी नंबर बुक हो चुके हैं तथा शीघ्र परामर्श हेतु ₹500/- का अतिरिक्त शुल्क ऑनलाइन भुगतान करने पर नंबर लगाए जाने का आश्वासन देता है।
इस फर्जीवाड़े की जानकारी तब सामने आई जब एक मरीज ने डॉ. खरे के अस्पताल में उपस्थित होकर स्टाफ को बताया कि उसका नंबर ऑनलाइन बुक है। इस पर अस्पताल के स्टाफ सदस्य डॉ. अखिलेंद्र सक्सेना द्वारा उक्त मोबाइल नंबर पर कॉल कर बातचीत की गई, जिसे रिकॉर्ड किया गया। रिकॉर्डिंग में संबंधित व्यक्ति द्वारा स्पष्ट रूप से धन लेकर नंबर लगाने की बात स्वीकार की गई है।डॉ. एम.पी.एन. खरे ने स्पष्ट किया है कि उनके अस्पताल में न तो किसी भी प्रकार की ऑनलाइन अथवाटेलीफोनिक नंबर बुकिंग की व्यवस्था है और न ही किसी भी परिस्थिति में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली जाती है। उक्त कृत्य पूर्णतः फर्जी, भ्रामक एवं अवैध है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है तथा आम जनता के साथ धोखाधड़ी की जा रही है।डॉ. खरे द्वारा इस संबंध में थाना प्रभारी को लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत कर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूट रचना एवं आईटी अधिनियम के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस प्रकार की किसी भी ऑनलाइन बुकिंग या भुगतान के झांसे में न आएं।
