विधायक ने खेला गिल्ली डंडा, उड़ाई पतंग
बिजावर विधायक ने पारंपरिक खेलों के साथ मनाई मकर संक्रांति
छतरपुर। विधायक राजेश शुक्ला बबलू ने मकर संक्रांति का पर्व पारंपरिक उत्साह और खेलकूद के साथ मनाया। अपनी नियमित दिनचर्या का पालन करते हुए उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों के साथ समय बिताया और बुंदेली संस्कृति से जुड़े खेलों में हाथ आजमाया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए शारीरिक स्वास्थ्य और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
आपको बता दें कि स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने वाले विधायक राजेश शुक्ला प्रतिदिन सुबह अपने विधायक क्लब के सदस्यों के साथ नियमित व्यायाम और भ्रमण पर जाते हैं। मकर संक्रांति के विशेष अवसर पर सुबह उन्होंने भ्रमण के दौरान साथियों के साथ गिल्ली-डंडा सहित अन्य क्षेत्रीय खेल खेले। इसके पश्चात उन्होंने खुले मैदान और फिर अपने घर की छत पर जाकर पतंगबाजी का आनंद लिया। विधायक ने बचपन की यादें ताजा करते हुए काफी देर तक आसमान में पतंगें उड़ाईं और इस उत्सव की खुशियां अपने समर्थकों और परिवार के साथ साझा कीं। उन्होंने मकर संक्रांति की बधाई देते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।
