वागेश्वर धाम में युवतियों ने रचाया, समलेंगिक विवाह
परिजनों का थाने में हंगामा, पुलिस कर रही कानूनी पहलुओं पर विचार
छतरपुर। जिले में एक बार फिर समलैंगिक प्रेम और विवाह की चर्चा छा गई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की दो युवतियों अंजली रैकवार (23 वर्ष) और मोहिनी कुशवाहा (21 वर्ष) ने आपसी सहमति से विवाह रचाकर समाज के सामने अपना रिश्ता मजबूत किया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में रोष फैल गया और मामला सिविल लाइन थाने तक पहुंच गया, जहां हंगामा की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंजली रैकवार पिता आनंद रैकवार, निवासी बजरंग नगर और मोहिनी कुशवाहा पिता राकेश कुशवाहा, निवासी दुर्गा कॉलोनी के बीच पिछले 5 वर्षों से प्रेम संबंध चल रहे थे। दोनों युवतियां 12 जनवरी को बागेश्वर धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन भर साथ निभाने का वादा किया और आपसी रजामंदी से विवाह किया।
विवाह की सूचना मिलने पर मोहिनी के परिजन इस रिश्ते से बेहद नाराज हो गए। उन्होंने मोहिनी को जबरदस्ती घर ले जाने के इरादे से सिविल लाइन थाने पहुंचकर हंगामा किया। दोनों पक्षों के बीच थाने में तीखी बहस हुई, जिससे शांति व्यवस्था बिगडऩे की नौबत आ गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों युवतियों को थाने के अंदर सुरक्षित बैठाया और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी जानकारी दी।
पुलिस का कहना है कि दोनों युवतियां बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहने की इच्छा जाहिर कर रही हैं। मामले के सभी कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है तथा उन्हें समझाया जा रहा है। भारत में समलैंगिक संबंधों को यौन अपराधों से मुक्ति मिल चुकी है, लेकिन समलैंगिक विवाह को अभी पूर्ण कानूनी मान्यता प्राप्त नहीं है। ऐसे में पुलिस उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि छतरपुर जिले में यह समलैंगिक विवाह से जुड़ा तीसरा मामला है। इससे पहले नौगांव थाना क्षेत्र के दौरिया और मऊसानिया गांव से भी इसी तरह के मामले सामने आ चुके हैं, जो क्षेत्र में बदलते सामाजिक नजरिए की ओर इशारा करते हैं।
