प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष के लिए कांग्रेस खेल सकती है आदिवासी कार्ड
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष के लिए कांग्रेस आदिवासी कार्ड खेल सकती है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए सुरक्षित 47 सीटों में से 22 जीती है। यह संख्या 2018 के चुनाव की तुलना में आठ कम जरूर है, लेकिन पर भाजपा ने जिस तरह से आदिवासियों को लेकर काम किया था, उस स्थिति में बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है।
इस लिहाज से पूर्व मंत्री बाला बच्चन या उमंग सिंघार पर दांव लगाया जा सकता है। दोनों ही नेताओं के नामों की चर्चा तेज हो गई है। बाला बच्चन निमाड़ से आते हैं और छठवीं बार के विधायक हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के विश्वस्त माने जाते हैं। वे विधायक दल के उपनेता रह चुके हैं। वहीं, उमंग सिंघार चौथी बार के विधायक हैं। उमंग सिंघार को झारखंड और गुजरात चुनाव के समय सह प्रभारी बनाकर बड़ा दायित्व दिया जा चुका है।
इधर सिंघार अपनी अगली भूमिका की तैयारी कर रहे हैं। उधर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह भी नेता प्रतिपक्ष के लिए प्रबल दावेदार हैं। मंगलवार को उनके आवास पर पार्टी के कई विधायक जुटे। रामनिवास रावत भी छठवीं बार के विधायक हैं और चंबल संभाग से आते हैं।
