बसंत पंचमी पर्व पर श्री जटाशंकर धाम में माता पार्वती जी की लिखी गई लग्न पत्रिका।
-अरविन्द अग्रवाल
विजावर /भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की रस्में शुक्रवार वसंत पंचमी पर्व से आरंभ हो गई। इस अवसर पर श्री जटाशंकर धाम में माता पार्वती जी की लग्न पत्रिका लिखी गई। महाशिवरात्रि पर्व पर क्षेत्र का सबसे बड़ा आयोजन श्री जटाशंकर धाम में होगा। महाशिवरात्रि पर्व श्री जटाशंकर धाम में वार्षिक महोत्सव के रूप में मनाया जाता है । इस दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह संस्कार सहित धार्मिक आयोजन और सांस्कृतिक गतिविधियां होती है।
वहीं शुक्रवार को कथा मंडप चौक परिसर में वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ माता पार्वती जी की लग्न पत्रिका लिखी गई। इस दौरान मुख्य यजमान बिजावर विधायक राजेश शुक्ला रहे। आधा दर्जन आचार्य गणों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ लग्न पत्रिका पूजन संपन्न करवाया गया। इसके बाद बाजे,शहनाई, दलदल घोड़ी, रमतूला, नागिन बैंड सहित अन्य देशी और पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर थिरकते हुए श्रद्धालुओं के साथ विधायक राजेश शुक्ला, न्यास प्रशासक एवं तहसीलदार अभिनव शर्मा, एसडीओपी एके रिठोरिया, नायब तहसीलदार ओपी अहिरवार, निवर्तमान न्यास अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल सहित अन्य लोग मंदिर पहुंचे और यहां पर मंदिर के मुख्य पुजारी प्रतिनिधि श्री राम दुबे को लग्न पत्रिका सौंपी। तत्पश्चात वर पक्ष की ओर से मंदिर पुजारी द्वारा लगन पत्रा का लेकर आए श्रद्धालुओं को नाश्ता प्रसादी से स्वागत किया गया।
न्यास अधीक्षक जेपी खरे ने बताया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न आयोजनों की तैयारी जारी है। इसके पहले 13 फरवरी को मंडप और 14 फरवरी को मात्रका पूजन की रस्में भी होगी। वहीं पंडित राकेश धतरा और पुजारी राम अवतार तिवारी ने बताया कि शिवधाम में शिव विवाह पर बारात आदि सहित अन्य आयोजन देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। डॉ सतीश खरे, अशोक तिवारी और अभिषेक कठल ने बताया कि श्री जटाशंकर धाम लाखों लोगों की आस्था का बड़ा केंद्र है। यहां पर महाशिवरात्रि पर्व को वार्षिक महोत्सव के रूप में मनाए जाने की परंपरा को पिछले एक दशक में और समृद्ध किया गया है । जिससे यह समूचे क्षेत्र का सबसे बड़ा आयोजन बन गया है।
