समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं पत्रकार: परमार
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की प्रांतीय कार्यसमिति बैठक में बोले उच्च शिक्षा मंत्री
शाजापुर। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की 25 वीं प्रदेश कार्यसमिति की बैठक एवं सम्मेलन रविवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर में प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार मौजूद थे जबकि शाजापुर विधायक अरुण भिमावत, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक नायक, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह विशिष्ट अतिथि थे।
मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि पत्रकार समाज में श्रेष्ठ विचारों को तेजी से आगे बढ़ाते हुए समाज को सही दिशा देने का काम करता है। केन्द्र सरकार ने दुनियाभर के सभी वर्गों के लोगों से सुझाव लेकर नयी शिक्षा नीति बना कर देश में आमूलचूल परिवर्तन लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमने सूर्य की ताकत को समझने में देर कर दी फिर भी देर आए दुरुस्त आए हम सूर्य की ताकत को समझते हुए तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में शीघ्र ही पूर्ण विकसित देशों में शामिल हो जाएंगे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया ने कहा कि पत्रकार समाज में फेल रही गंदगी को दूर करने का काम करता है और सदेव जनता की आवाज बनकर जनहित को प्राथमिकता देता है पर आज पत्रकारिता की राह भी आसान नहीं रही है। लोग इसे बेरोजगारी का सूचक मानने लगे हैं। सरकार ओर लोगों की निगाह में पत्रकार को लोकतंत्र में चौथा स्तंभ पर सच्चाई यह है कि संविधान में उल्लेख नहीं है इसलिए सरकार यदि इसे चौथा स्तंभ मानती है तो विधिवत सदन में प्रस्ताव पारित करना चाहिए। वहीं पत्रकार को भी हमेशा जनता से जुड़े रहना चाहिए।
शाजापुर विधायक अरुण भिमावत और भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक नायक ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इनके अलावा संघ के प्रदेश पदाधिकारी मोहम्मद अली, रिजवान अहमद, प्रदेश महासचिव सुनील त्रिपाठी, सत्य नारायण वैष्णव, राजकुमार दुबे, दिलीप सिंह भदौरिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष शिशुपाल सिंह तोमर, नवनीत काबरा आदि ने अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून को जल्द ही अमलीजामा पहनाने की मांग की। संचालन शुजालपुर ब्लॉक अध्यक्ष किशोर खन्ना ने किया।
समारोह में आयोजन समिति के संयोजक अभिषेक सक्सेना चिंटू, शाजापुर जिलाध्यक्ष मनोज जैन आदि द्वारा प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया एवं उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार का अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। इसके अलावा आयोजन समिति ने प्रदेश पदाधिकारियों को भी सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
बुंदेलखंड ने की सहभागिता
बैठक में बुंदेलखंड अंचल के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल छतरपुर, प्रदेश के संयुक्त सचिव रामशरण पाराशर दमोह, सागर संभाग अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल, संभागीय महासचिव प्रतीक खरे, पन्ना जिलाध्यक्ष धनंजय श्रीवास्तव, महासचिव सुरेंद्र प्रताप सिंह, दमोह जिलाध्यक्ष विजय श्रीवास्तव, महासचिव राम अवतार पाली आदि ने भाग लिया।
